अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। ग्राम पंचायत के विकास और शासन के 45 प्रश्नों का अच्छा जवाब देने वाले अव्वल प्रधान को छह लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना शुरू की है। जिले से पांच लोगों को चुना जाना है, अभी तक केवल तीन लोगों ने ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए हैं। अब इसमें शामिल होने के लिए केवल दो दिन ही बचे हैं।
प्रदेश सरकार ने प्रधानों का मनोबल बढ़ाने और गांवों का विकास कराने के लिए मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना चलाई है। इसमें गांव का अच्छा विकास कराने वाले प्रधानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रश्नावली में गांव का कैसे विकास कराया जाए व विकास संबंधित 45 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें पहला स्थान प्राप्त करने वाले प्रधान को छह लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। दूसरे नंबर के प्रधान को पांच लाख रुपये, तीसरे नंबर के प्रधान को तीन लाख रुपये, चौथे स्थान पर रहने वाले प्रधान को ढाई लाख रुपये और पांचवां पुरस्कार डेढ़ लाख रुपये का होगा।
जिले के पांच ग्राम पंचायत के प्रधानों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए ग्राम प्रधानों को हमारी पंचायत वेब पोर्टल की वेबसाइट में 31 मार्च तक रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन प्रश्नावली दी जाएगी। इसमें कुल 45 प्रश्न होंगे।
डीपीएम रमाकांत ने बताया कि अभी तक तीन प्रधानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। देवमई ब्लाक की गलाथा ग्राम पंचायत, तेलियानी ब्लाक के सरांय सहजादा और मलवां ब्लाक के इब्राहीमपुर ग्राम पंचायत के प्रधान ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन में प्रतिभाग करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। हथगाम ब्लाक के सिठौरा और भिटौरा ब्लाक के टांडा ग्राम पंचायत के प्रधान के रजिस्ट्रेशन कराने की भी सूचना है।