कानपुर कैंट विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी और बाहुबली अतीक अहमद का काफिला गुरुवार को दोनों टोल प्लाजा पर एकमुश्त 10-10 हजार का टोल टैक्स देकर हूटर बजाते निकल गया। टोल प्लाजा के मैनेजरों का कहना है कि आकलन के बाद बकाया वसूला जाएगा।
खागा प्रतिनिधि के अनुसार टोल प्लाजा पर छोटे वाहनों का 85 रुपया टैक्स जमा होता है। बाहुबली अतीक अहमद की ओर से टोल प्लाजा माझिलगांव पर एक मुश्त 10 हजार जमा कराया गया। यह तय हुआ था कि वाहनों से आने जाने के बाद यदि संख्या ज्यादा होगी तो बकाया बाद में जमा कर दिया जाएगा। काफिले के वापसी के बाद सीसीटीवी से वाहनों की गिनती कर बाहुबली को भेजा जाएगा।
चौडगरा प्रतिनिधि के चार पहिया वाहन का टैक्स 10 हजार जमा किया गया है। बाकी बाद में देने का भरोसा मिला है। टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक केएन दुबे ने बताया कि पैसा जमा करने वाले ने आश्वासन दिया था कि अगर कुछ बकाया रहेगा तो बाद में दे दिया जाएगा। यहां से करीब डेढ़ सौ से अधिक वाहन गुजरे हैं। सीसीटीवी से वाहनों को देखने के बाद बकाया वसूला जाएगा।
गाजे बाजे से हुआ स्वागत
कटोघन टोल प्लाजा माझिल गांव, खागा में पूर्वी बाईपास, लखनऊ चौराहे और भिटौरा चौराहे पर समर्थकों ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। समर्थकों ने बाजे गाजे के साथ जिंदाबाद के नारे लगाए। वह एक मिनट के लिए उतरे और माला पहनने के बाद वाहन में सवार होकर हाथ हिलाते चले गए। स्वागत करने वालों का नेतृत्व सपा नेता असद ने किया। इस मौके पर नफीस, कलीम, मोहम्मद बिलाल, सोनू, आजमी, सलमान, सफी, सोनू शुक्ला, राजू दादा, सद्दाम, शाहरुख, प्रदीप सिंह, फैज, कलीम, मोहम्मद अकरम, साजिद, चुन्नू, शब्बू भाई आदि मौजूद थे।