पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन बैठे सोनी यादथव के परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। काली नदी में मिले महिला के शव की शिनाख्त हो गई है। पिता का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये न देने पर ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर शव काली नदी में फेंक दिया। मैनपुरी में तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव मदनपुर स्थित काली नदी में शुक्रवार को महिला का शव मिला था। पांच घंटे तक मैनपुरी जिले के थाना बेवर व मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही थी। बाद में मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में भिजवा दिया था।
रविवार की सुबह एटा जिले के थाना राजा का रामपुर के गांव नौगजा निवासी नेम सिंह अपने भाई किशनवीर, राघवेंद्र, प्रमोद आदि लोगों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। कपड़ों से शव की शिनाख्त अपनी पुत्री सोनी उर्फ प्रभा देवी (26) के रूप में की। नेम सिंह यादव ने बताया कि पुत्री सोनी उर्फ प्रभा की शादी मैनपुरी जिले थाना औंछा के गांव कन्हई नगला निवासी अंकित यादव के साथ 23 मई 2019 को की थी।
शादी के बाद पुत्री के ससुराल वाले दहेज को लेकर खुश नहीं थे। यह लोग दहेज में पांच लाख की मांग कर सोनी उर्फ प्रभा को प्रताड़ित करते थे। मांग न पूरी होने पर 31 मार्च की रात पुत्री की हत्या कर शव गायब कर दिया। एक अप्रैल को नेम सिंह परिजनों के साथ पुत्री से मिलने ससुराल पहुंचे। वहां ससुराल वालों ने घर में घुसने नहीं दिया। नेम सिंह ने थाना औंछा में ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों की सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की।
सिर पर आई गंभीर चोट से सोनी की हुई मौत
सूत्रों के मुताबिक सिर में गंभीर चोट आने से सोनी उर्फ प्रभा की मौत होने की पुष्टि पोस्टमार्टम में की गई है। उसकी हत्या पांच से सात दिन पहले की गई होगी। शव काली नदी में पानी व पोस्टमार्टम हाउस मे बिना फ्रीजर के खुले में रखने से खराब हो गया था। इससे शरीर की अन्य चोटों के बारे में पता नहीं चल सका।
ोनी यादव की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD