कमालगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का शव घर के छप्पर से साड़ी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति व देवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला का पति आत्महत्या की बात कह रहा है। जांच की जा रही है। मौके पर फोरेंसिक भी पहुंची।
थाना क्षेत्र के गांव कल्लू नगला निवासी प्रदीप वर्मा खेती करता है। सोमवार सुबह प्रदीप व उसकी मां अन्नपूर्णा खेत गए हुए थे। तभी करीब नौ बजे प्रदीप की 30 वर्षीय पत्नी सुमन ने घर में पड़े छप्पर के बांस में साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली।
बच्चों ने सुमन को फंदे पर लटका देखा तो जानकारी परिजनों को दी। प्रदीप ने घर पहुंचकर फंदे से सुमन को उतारा और सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सक ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। दोपहर को ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह व दरोगा रामलखन ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने पति प्रदीप व उसके भाई उदयवीर को हिरासत में लिया। घटना की सूचना हरदोई जनपद के गांव न्यामतपुर दहेलिया निवासी पिता लज्जाराम को दी गई।
क्षेत्राधिकारी अमृतपुर अजेय कुमार शर्मा व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंची। सुमन की पुत्री प्रियांशी, क्रांति व पुत्र सचिन रो-रोकर बेहाल हो गए। सुमन का विवाह आठ वर्ष पूर्व हुआ था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।