तिकोना चौकी पर जानकारी देती भावना। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। बहन ने 26 लाख रुपये के लेनदेन का आरोप लगाकर भाई के घर के बाहर हंगामा कर दिया। इस दौरान बहन ने केरोसिन डालकर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को तिकोना चौकी लाई। वहां भी बहन हंगामा करती रही। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एनसीआर दर्ज कर ली।
शहर कोतवाली के मोहल्ला पक्का पुल निवासी किशन लाल श्यामबानी की बहन भावना राजानी कानपुर के कौशलपुरी निवासी है। रविवार को भावना भाई के दरवाजे पर पहुंची। वहां उन्होंने आठ वर्षों में भाई को उधार दिए 26 लाख रुपये मांगे। रुपये न मिलने पर हंगामा करने लगी। केरोसिन डालकर आग लगाने का प्रयास किया। जानकारी पर तिकोना चौकी इंचार्ज पहुंचे और भावना व उसके भाई किशनलाल को चौकी पर ले आए। चौकी में भावना ने रुपये मांगने पर मारपीट व गाली गलौज करने का आरोप लगाया।
किशनलाल ने रुपये लेने से इनकार कर दिया। काफी देर तक पुुलिस दोनों पक्षों को परिवार के लोगों के साथ बैठकर मामले को सुलझाने की बात कहती रही, लेकिन भावना इसके लिए तैयार नहीं हुई। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट की एनसीआर दर्ज कर ली। प्रभारी कोतवाल अकरम ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। दोनों के बीच रुपये के लेनदेन का विवाद है।