कायमगंज सीएचसी में लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज/कमालगंज (फर्रुखाबाद)। जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। रविवार को कायमगंज में एक महिला और कमालगंज के खुदागंज गांव में एक युवती की मौत हो गई। कायमगंज के मोहल्ला पटवन गली में कई लोग बुखार की चपेट में हैं। सीएचसी में में मरीजों की भीड़ लग रही है।
कायमगंज के मोहल्ला पटवन गली निवासी मुकेश उर्फ नन्हें की पत्नी मंजू देवी (45) को 4-5 दिन से बुखार आ रहा था। परिजन उन्हें निजी डॉक्टर के पास ले गए। दो दिन तक कोई लाभ न मिलने पर दूसरे डॉक्टर को दिखाया। लेकिन फायदा नहीं हुआ। रविवार रात करीब ढाई बजे हालत बिगड़ गई। परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मंजू की तीन बेटियां व दो बेटे हैं। मोहल्ले में कई लोग बीमार भी हैं।
पिछले दिनों सीएचसी में 10 बेड बढ़ाए गए थे, फिर भी इमरजेंसी से लेकर डेंगू वार्ड तक के बेड फुल हैं। पंजीकरण काउंटर पर एक दूसरे पर चढ़कर लोग पंजीकरण करा रहे हैं। चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि इन दिनों बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। गले में दर्द के मरीज भी आ रहे हैं। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। घरों के आसपास साफ सफाई रखने की जरूरत है।
कमालगंज ब्लाक के खुदागंज गांव के राजपूत मोहल्ले में रामकिशोर वर्मा की 18 वर्षीय पुत्री प्रतिमा को रविवार सुबह बुखार आया। बुखार काफी बढ़ने पर परिजन उसे दोपहर करीब 12 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। दवा से बुखार कम होने पर परिजन वापस घर ले गए। रात में बुखार फिर तेज हो गया। करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। गांव निवासी लंकुश नेता ने बताया कि गांव में करीब 300 लोग बीमार हैं। प्रधान देवीदीन व उनके परिवार के लोग भी बुखार की चपेट में हैं। गांव में मेडिकल टीम भी आ रही है। लेकिन बीमारी पर नियंत्रण नहीं हो रहा है।
सांसद ने राजेपुर सरायमेदा में लिया जायजा
बुखार के प्रकोप से घिरे राजेपुर सरायमेदा का सांसद मुकेश राजपूत ने जायजा लिया। उन्होंने प्रधान अनवर हुसैन से जानकारी ली। पूर्व जिला पंचायत सदस्य शमा परवीन के यहां भी वह गए।
मंजू की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD