लीक होने से कटरा बक्शी में सड़क पर बहता पानी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला कटरा बक्शी में सोमवार सुबह पाइपलाइन फटने से तीन मोहल्लों के 6000 घरों में जल संकट गहरा गया। सुबह और शाम को पाइप लाइन से लाखों लीटर पानी बह गया। पानी के लिए लोग परेशान हैं। पालिका प्रशासन ने शाम तक मरम्मत का काम शुरू नहीं कराया है।
सोमवार सुबह छह बजे पानी की आपूर्ति होते ही कटरा बक्शी की मुख्य पाइपलाइन फट गई। इससे पानी की धार निकलने लगी। पानी निकलने से कटरा बक्शी के अलावा शमशेरखानी, सखावत हुसैन मोहल्लों के करीब 6000 घरों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई।
पाइपलाइन फटने से कुछ दूरी तक मामूली प्रेशर होने से लोग नालियों के किनारे घरों में जाने वाली पाइपलाइनों से पानी भरने के लिए मजबूर हो रहे हैं। नगर पालिका के जिम्मेदारों ने गुरुवार को भीपाइपलाइन मरम्मत का काम शुरू नहीं कराया है।
तीन अन्य स्थानों पर हैं लीकेज
टाउन हाल पानी की टंकी से रकाबगंज से शमशेर खानी की ओर जाने वाली पाइपलाइन में तीन स्थानों पर कई महीने से लीकेज हैं। इन लीकेज को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।