अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग किसानों की आय दोगुनी करने की बात कहते हैं, आय तो दोगुनी नहीं हुई किसान जरूर बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा कि किसान चाहता है कि एमएसपी का कानून आए जिसे सरकार को अगले सत्र में पेश कर देना चाहिए।
सपा मुखिया ने सवाल पूछा क्या किसान को धान की कीमत मिल पाई और खेत में तैयार सरसों कीमत क्या मिल पाएगी। पूर्व सीएम ने सवाल किया कि सरकार अभी तक कहती थी भारत को पाकिस्तान से खतरा है, चीन से खतरा है लेकिन अब किसानों की ट्रैक्टर ट्राली से कैसे खतरा हो गया है।
किसान ट्रैक्टर में डीजल भरवाने जाता है तो उसे पकड़ने के लिए पुलिस तैयार बैठी है, सरकार बताए किसान से उसे कैसा खतरा है। पूर्व सीएम ने कहा कि हिन्दुस्तान को बनाने वाला किसान है और किसानों का ही यह हिन्दुस्तान है।
अखिलेश ने कहा कि विधानसभा चुनाव सपा अकेले लड़ेगी और अकेले सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी 350 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठ बोलकर 324 सीटें जीती हैं, वह समाजवादी विकास, समाजवादी विचारधारा, समाजवादी फैसलों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।