फर्रुखाबाद। पेड़ों की डालों का कटवाने और बंच केबल जलने से दस मोहल्लों की बिजली ढाई घंटे गुल रही। बंच केबल जोड़कर मोहल्लों की बिजली चालू की गई। बिजली न आने से मोहल्ले के लोग गर्मी से बेहाल रहे।
फतेहगढ़ के मोहल्ला वनखड़िया में पड़ा बंच केबल पुराना होने और बार-बार जलने से जर्जर हो गया है। उसको जोड़-जोड़कर मोहल्ले को बिजली दी जाती है। इस मोहल्ले का बंच केबल जलने पर उसको ठीक करने के लिए फतेहगढ़ फीडर बंद कर दिया जाता। इससे वनखड़िया, नवदिया, पुलमंडी, भूसामंडी, न्यू नवदिया समेत दस मोहल्लों की बंद हो जाती है। यह स्थिति आए दिन होती है।
रविवार को करीब साढ़े नौ बजे बंच केबल वनखड़िया में फुंकने से फतेहगढ़ फीडर बंद कर दिया गया। इससे दस मोहल्लों की बिजली बंद हो गई। डेढ़ घंटे बाद बिजली चालू हुई तो कुटरा विद्युत उपकेंद्र के जेई अनिल ने पेड़ की डाल कटवाने के लिए फीडर बंद करा दिया।
इससे करीब एक घंटे फीडर बंद रहा। ढाई घंटे बिजली बंद रहने से मोहल्ले के लोग गर्मी से बेहाल रहे। जेई राकेश कुमार ने बताया कि वनखड़िया का बंच केबल खराब है। उसको बदलने का प्रस्ताव बनाकर दिया गया है। पास होने पर काम कराया जाएगा।