फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव पकरिया निवासी निरक्षर वृद्धा को कालोनी का झांसा देकर उसके खेत का बैनामा करा लिया। दो माह तक कालोनी न मिलने, फिर खेत में कब्जे का प्रयास करने पर वृद्धा को जानकारी हुई। सोमवार को वृद्धा ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
गांव पकरिया निवासी दृगपाल सिंह 71 वर्षीय पत्नी रामपोथी, गांव के प्रवीन, विपिन, सत्यपाल, पंकज पाल, अरविंद राजपूत आदि के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे।
वृद्धा रामपोथी ने जिलाधिकारी कार्यालय में दिए प्रार्थनापत्र में कहा कि उनके दो पुत्र दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। जबकि वह गांव में वृद्ध पति के साथ रहती है। जुलाई में गांव के ही दो लोग उनके घर आए और सरकारी कालोनी दिलाने के नाम पर उनका आधार कार्ड, बैंक पासबुक व दो फोटो ले लीं। इसके कुछ दिन बाद तहसील ले जाकर कागजों पर अंगूठा लगवा लिया और कहा कि अब एक-डेढ़ माह में कालोनी का पैसा बैंक खाते में आ जाएगा।
दो माह तक खाते में पैसा न आने पर उन्होंने पूछा तो वह टालमटोल करने लगे।
19 नवंबर को दिल्ली से पुत्र के आने पर पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर पुत्र ने उपनिबंधक कार्यालय जाकर पूछताछ की तो पता चला 29 सितंबर को उसके खेत का बैनामा घारमपुर निवासी व्यक्ति के नाम करा लिया गया है। इससे वह भूमिहीन हो गई। अब वह लोग उसके खेत पर कब्जा करना चाहते हैं। वृद्धा ने जिलाधिकारी से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।