फर्रुखाबाद। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) निरस्त करने के विरोध में सोमवार को सपा के युवाओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को देकर 15 दिन में पुन: परीक्षा कराने की मांग की।
सपा छात्रसभा के अमन, लोहिया वाहिनी के अनुराग यादव, मुलायम सिंह यूूथ ब्रिगेड के शशांक सक्सेना और युवजन सभा के शिवम यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि पेपर लीक कराकर सरकार में बैठे लोग युवाओं को दरकिनार कर अपने चंद लोगों को लाभ पहुंचाना चाहते थे।
युवा संगठनों ने 15 दिन में पुन: परीक्षा कराने, दुर्घटना में मृत परीक्षार्थी नगला नैन भोलेपुर निवासी रजनेश कुमार के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने, भविष्य में परीक्षार्थी के साथ ऐसी घटना होने पर सरकार को जिम्मेदार ठहराने की मांग की। प्रदर्शन में जितेंद्र सिंह यादव, अखिल कठेरिया, विजय अनुरागी, पंकज यादव, आशुतोष दीक्षित आदि शामिल रहे।