कमालगंज (फर्रुखाबाद)। कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार दोपहर रुपये निकालने गए किसान ने नॉमिनी फॉर्म मांगा तो कर्मचारी ने उसे थप्पड़ जड़ दिए। किसान ने विरोध किया तो उसे बैंक में बैठा लिया। किसान ने मामले की सूचना पुलिस को दी। नोकझोंक के बाद पुलिस बैंक कर्मी को थाने ले आई। वहां बैंक कर्मी के माफी मांगने पर समझौता हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव नारायनपुर गढ़िया निवासी सुरेश चंद्र जाटव रुपये निकालने के लिए बैंक पहुंचे थे। सुरेश ने बैंक में मौजूद कर्मचारी से नॉमिनी फॉर्म मांगा तो उसने दूसरे काउंटर पर जाने की बात कह दी। दूसरे काउंटर पर पहुंचकर सुरेश ने फॉर्म मांगा तो कर्मचारी राजीव कुमार ने अभद्रता कर चले जाने की बात कही। इस पर दोनों में कहासुनी होने लगी। तभी कर्मचारी राजीव ने सुरेश के दो-तीन थप्पड़ जड़ दिए। सुरेश ने विरोध किया तो उसे बैंक में ही बिठा लिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक शशांक मिश्रा से की, लेकिन उन्होंने कर्मचारी की गलती नहीं स्वीकारी।
बैंक से 1500 रुपये निकालने के बाद शाम करीब चार बजे पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी बैंक कर्मी व पीड़ित के बीच नोकझोंक होती रही। इस पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। थाने से दरोगा हेमंत कुमार बैंक पहुंचे। इसके बाद पुलिस बैंककर्मी व पीड़ित को थाने ले गई। थाने में बैंक कर्मचारी पीड़ित को मनाने में जुटे रहे। कर्मचारी के माफी मांगने के बाद शाम सात बजे दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि मामले में दोनों के बीच समझौता हो गया है।
शाखा प्रबंधक शशांक मिश्रा ने बताया कि कैश काउंटर का कंप्यूटर काम नहीं कर रहा था। इस लिए कैशियर दूसरे काउंटर पर काम कर रहा था। उसी काउंटर पर कैश भी रखा था। ग्राहक अंदर जाने का प्रयास कर रहा था। उसे रोकने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बाद में समझौता भी हो गया है।
आधे घंटे खड़ी रही पुलिस
शिकायत पर पहुंची पुलिस बैंक में कर्मचारी को थाने ले जाने के लिए करीब आधे घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही। बैंक कर्मी थाने जाने के लिए तैयार नहीं था। पुलिस ने जब सख्ती की तो कर्मचारी पीड़ित को मनाने में जुट गए। माफी मांगने पर भी पीड़ित नहीं माना तो पुलिस दोनों को थाने ले गई।