फर्रुखाबाद। ठेकेदार शमीम हत्याकांड में वादी की गवाही गुरुवार को अदालत में हो गई। दूसरे गवाह को 20 अक्तूबर को बुलाय गया है। गवाही के दौरान आरोपी अनुपम और शिशु अदालत में मौजूद रहे।
कन्नौज जिले के समधन निवासी पीडब्लूडी के ठेेकेदार शमीम की 26 जुलाई 1995 में फतेहगढ़ क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ठेकेदार के भाई नसीम ने फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता अनुपम दुबे और बाल किशन उर्फ शिशु आरोपी हैं। दोनों आरोपी जेल में बंद हैं।
मुकदमे की सुनवाई जिला जज की अदालत में चल रही है। गुरुवार को मुकदमे की पेशी थी। आरोपी अनुपम को मैनपुरी जेल से लाया गया। दूसरे आरोपी के न पहुंचने पर जिला जज ने तत्काल पेश करने का आदेश दिया। आरोपी शिशु के कोर्ट में पेश होने के बाद वादी नसीम की गवाही हुई। जिला शासकीय अधिवक्ता सुदेश प्रताप सिंह ने बताया कि नसीम की गवाही पूरी हो गई है। अगले गवाह की गवाही के लिए 20 अक्तूबर की तारीख लगाई गई है। दुकानदार पर जानलेवा हमले के मुकदमे में भी 20 अक्तूबर की तारीख लगाई गई है।