अमृतपुर। लंच पैकेट में खराब सब्जी देने का आरोप लगाकर शिक्षकों ने राजेपुर ब्लाक सभागार के बाहर हंगामा किया। जमकर नारेबाजी की और अफसरों पर स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रशिक्षण के नाम पर सिर्फ औपचारिकता ही पूरी की गई।
राजेपुर ब्लाक सभागार में आयुष्मान भारत योजना के तहत चार दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा है। इसमें प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों को ट्रेनर अजय शुक्ला व आरती वर्मा प्रशिक्षण दे रही हैं। शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गईं। मादक पदार्थों का दूर रहकर दूसरों को रोकने, हिंसा के दौरान सुरक्षा व कानून के बारे में भी बताया। इसके बाद शिक्षक अपने स्कूलों में
10-10 बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण में आए शिक्षकों को दोपहर एक बजे स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिर्फ चाय भेजी गई। चाय खराब होने पर कई शिक्षकों ने फेंक दी। प्रशिक्षण समाप्त होने के दौरान लंच पैकेट बांटे गए। इसमें शिक्षकों ने खराब सब्जी होने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया है।
शिक्षक राजीव दुबे, आदित्य सिंह, कल्पना पांडेय, नीता शाक्य, रेखा, मधुबाला कटियार आदि ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही आरोप लगाया है। कहा कि 100 रुपये एक व्यक्ति पर खर्च हो रहा है। जबकि चाय की जगह गर्म पानी व लंच पैकेट में खराब सब्जी दी जा रही है। सीएमओ डॉ. सतीश चंद्रा ने बताया कि बजट के हिसाब से भोजन व चाय-नाश्ता दिया जा रहा है।