फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी ने जिले की चारों विधानसभा सीटों से प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। अंदरूनी कलह को देख अपनों का मुंह बंद करने के लिए सदर सीट गठबंधन दल के खाते में दे दी। इस सीट से महान दल की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमन मौर्य चुनाव लड़ेंगी। हालांकि चुनाव चिह्न सपा का ही होगा। भोजपुर से अरशद जमाल सिद्दीकी, अमृतपुर से डॉ. जितेंद्र यादव और कायमगंज सीट से सर्वेश आंबेडकर को प्रत्याशी बनाया गया है।
सपा की जारी सूची में सदर सीट गठबंधन दल को दे दी है। इस सीट से महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य की पत्नी और पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमन मौर्या को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी ने पारिवारिक विवाद में फंसने के बाद भी भोजपुर के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अरशद जमाल सिद्दीकी को प्रत्याशी घोषित कर दिया।
इसके अलावा कायमगंज से सर्वेश आंबेडकर को टिकट देने की घोषणा कर दी। जबकि कई दिन से क्षेत्र में उनका विरोध किया जा रहा था। अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र से डॉ. जितेंद्र यादव को मैदान में उतारा गया है, जबकि सपा के पूर्व राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह यादव भी टिकट पाने के प्रयास में लगे थे। जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी ने बताया की राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी चारों सीटों पर विजय हासिल करेगी।
भोजपुर सीट के प्रत्याशी अरशद जमाल सिद्दीकी जरारी गांव के निवासी हैं। उनके पिता जमालुद्दीन सिद्दीकी वर्ष 1996, 2002 और 2012 में विधायक बने। उनके चाचा ताहिर हुसैन सिद्दीकी 2007 में बसपा से विधायक चुने गए थे। अरशद ने 2017 में सपा से चुनाव लड़ा और दूसरे नंबर पर रहे थे।
कायमगंज सीट से प्रत्याशी सर्वेश आंबेडकर मूल रूप से कन्नौज जिले की गुरसहायगंज के गांव काजीपुरवा के निवासी हैं। वह बसपा से 2007 में दर्जा मंत्री रहे। उनकी पत्नी 2010 में कन्नौज जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। इसके बाद सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रहे। इस वक़्त सपा राज्य कार्यकारिणी के सदस्य हैं। फिलहाल फतेहगढ़ के आंबेडकर कालोनी में निवास कर रहे हैं।
सदर सीट से प्रत्याशी सुमन मौर्या महान दल की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वह 2012 में अमापुर सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्हें करीब 14 हजार वोट मिले थे। इसके बाद वह 2013 में मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की जोरा से चुनाव लड़ीं। वहां करीब 17 हजार वोट पाए। वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की पत्नी भी हैं।
अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र यादव फतेहगढ़ में रहते हैं। वह 2012 में राष्ट्रीय क्रांति पार्टी से विधानसभा चुनाव लड़े थे। उनकी पत्नी अनीता रंजन नवाबगंज से लगातार दोबारा ब्लाक प्रमुख बनी हैं। डॉ. जितेंद्र के साले पप्पू यादव और साले की पत्नी बिहार से सांसद रहे। डॉ. जितेंद्र का चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा नाम है।
सुमन मौर्या। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
अरशद जमाल सिद्दीकी। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
डॉ. सर्वेश आंबेडकर। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD