फर्रुखाबाद। होटल में खाना खाने के बाद पैसों को लेकर सिपाहियों ने दबंगई दिखाई। इस दौरान होटल मालिक के साथी ने वीडियो बना लिया, तो सिपाहियों ने चौकी प्रभारी को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने मालिक को होटल बंद कराने की धमकी दी। घबराया होटल मालिक विधायक के दरबार पहुंचा, तब मामला शांत हुआ। चौकी प्रभारी की दबंगई से होटल मालिक परेशान है।
शहर के लाल गेट पर एक होटल है। रविवार देर रात कादरीगेट चौकी के दो सिपाही होटल में खाना खाकर कम रुपए देकर निकलने लगे। होटल मालिक ने पैसे मांगे, तो विवाद शुरू हो गया। सादी वर्दी में मौजूद सिपाही गालियां देते हुए सबक सिखाने की धमकी देने लगा। घटना की होटल मालिक के एक साथी ने वीडियो बना ली। होटल मालिक ने जब सिपाहियों से कहा कि वह वीडियो अफसरों को देगा, तो उन्होंने कादरीगेट चौकी प्रभारी को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने होटल में ताला डलवाने की धमकी दी। कहा कि वह लखनऊ का रहने वाला है। ऊंची पहुंच है। उसे बर्बाद कर देगा। उससे वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। विवाद के दौरान राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
परेशान होटल मालिक ने सोमवार को एक विधायक और कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय को पीड़ा बताई। उसने वीडियो दिखाकर सिपाहियों की दबंगई से बचाने की गुहार लगाई। विधायक ने चौकी प्रभारी से फोन पर बात करके मामला शांत करवा दिया। होटल मालिक अभी भी दहशत में है। चौकी प्रभारी राजेश राय ने बताया कि कोई खास बात नहीं थी। कुछ सिपाही खाने के रुपये कुछ कम दे रहे थे। इसी पर बात हो गई थी। उन्होंने होटल समय से खोलने और बंद करने के लिए कहा था। होटल मालिक को अब कोई शिकायत नहीं है।