फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर नई रेलवे लाइन बिछाने को आए स्लीपर। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। मालगोदाम पर रेललाइन बिछाने के लिए स्लीपर और पटरियों का आना शुरू हो गया है। कुछ महीनों में ही काम पूरा कर लिया जाएगा। रेललाइन पड़ने से संटिंग के दौरान मरम्मत और सवारी ट्रेनों को आने वाली दिक्कतें भी खत्म हो जाएंगी। स्टेशन पर काम शुरू कर दिया गया है।
बीते महीने निरीक्षण के लिए मुख्य सुरक्षा आयुक्त के सामने मालगाड़ियों की अधिक लोडिंग और अनलोडिंग की वजह से होने वाली दिक्कतों रखा गया था। इसी के बाद मालगोदाम पर आठ नंबर पटरी बिछाने का प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय को भेजा गया। इस प्रस्ताव में पटरी के अलावा मालगोदाम के प्लेटफार्म निर्माण आदि कार्य भी किए जाएंगे। इसके लिए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
रेललाइन निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए छह ट्रक स्लीपर और एक ट्रक रेल पटरी आ चुकी हैं।
रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के जिम्मेदारों ने बताया कि करीब 800 मीटर लंबी रेललाइन बिछाई जाएगी। इससे किसी भी रैक को एक तरफ ही खड़ा करके लोड और अनलोड किया जा सकेगा।
फिलहाल मालगोदाम पर अधिक रैक आने और प्लेेटफार्म की लंबाई कम होने से आधी-आधी गाड़ी उतारनी पड़ती है। लिहाजा कई बार शंटिंग करना मजबूरी है। शंटिंग के दौरान मुख्य लाइन व्यस्त होने से मरम्मत कार्य के अलावा कई बार सवारी गाड़ियों को भी रोकना पड़ता है। नई रेल पटरी बिछने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि नई लाइन बिछने से मालगाड़ी कम समय में लोड और अनलोड हो जाएंगी। पटरी बिछाने का काम निर्धारित समय में पूरा होगा।