संकिसा (फर्रुखाबाद)। बौद्ध तीथस्थल घूमने आए दिल्ली के मॉडल ने दरोगा पर एक लाख रुपये रिश्वत लेकर छोड़ने का आरोप लगाया है। उसने ट्वीट कर डीजीपी से शिकायत की। गुरुवार को सीओ जांच करने पहुंचे तो थाने में हड़कंप मच गया। मेरापुर थाना क्षेत्र के बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा में 21 दिसंबर को दिल्ली निवासी मॉडल सेहजल घूमने आया था। उसे थाने के दरोगा ने पकड़ लिया और रात में छोड़ा।
पर्यटक सेहजल ने ट्विटर पर डीजीपी से शिकायत कर दरोगा पर एक लाख रुपये लेकर छोड़ने का आरोप लगाया है। उसने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी ट्वीट कर शिकायत की है। ट्वीट में कहा कि वह मॉडलिंग करता है। संकिसा घूमने गया था तभी थाने के दरोगा ने बेवजह उसे पकड़ लिया और थाने ले गया। पता चला है कि ग्रामीणों से गुरिया (मोती) खरीदने की शिकायत पर दरोगा मौके पर पहुंचे थे और गुरिया सहित सेहजल को पकड़ लिया था।
उसके पास मिले गुरिया संकिसा स्तूप से मिलने की आशंका पर कन्नौज पुरातत्व विभाग को परीक्षण के लिए भेज दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में संकिसा स्तूप के आसपास जमीन से गुरिया मिलती हैं, जो एकत्रित कर ग्रामीण 50 रुपये से लेकर 500 रुपये तक में बेचते हैं।
थाने में जांच करने पहुंचे क्षेत्राधिकारी कायमगंज ने जब एक लाख रुपये लेकर छोड़े जाने के संबंध में पुलिस कर्मियों से पूछताछ की तो महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ कायमगंज सोहराब आलम ने बताया कि ट्वीट के माध्यम से की गई गई शिकायत की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।