फर्रुखाबाद। मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने छापा मारकर करीब 90 हजार रुपये कीमत की सुपारी व लौंग सीज की साथ ही पांच नमूने भी लिए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने टीम के साथ शहर के किराना बाजार में मोहल्ला सेनापति निवासी मनोज कुमार की दुकान पर छापा मारा। वहां मैनपुरी सुपारी व लौंग पाउडर का नमूना लिया। इसके बाद 74500 रुपये कीमत का 149 किलो लौंग पाउडर सीज कर दिया। इसके बाद टीम मोहल्ला टिलियां पहुंची। वहां मैनपुरी सुपारी व सुपारी बुरादे का नमूना लिया।
मौके से 15150 रुपये कीमत का 303 किलो सुपारी बुरादा सीज किया गया। यहां खाद्य सुरक्षा अधिकारी बिजेंद्र कुमार व आशीष कुमार वर्मा मौजूद रहे। अभिहित अधिकारी सय्यद शाहनवाज हैदर आबिदी ने बताया कि सभी पांच नमूनों की जांच प्रयोगशाला से कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।