कमालगंज (संवाद)। विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला के भाई ने दहेज की मांग कर मारपीट करने व जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव नगला जोध निवासी सुनील सिंह की पत्नी सरिता (33) की शनिवार सुबह तबीयत बिगड़ गई थी। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही सरिता की मौत हो गई थी। मायके वालों ने पति व सास पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया था। सरिता की मौत के बाद पति सुनील व सास छोटी बिटिया मौके से भाग गए थे।
शनिवार देर रात मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव करमचंदपुर निवासी सरिता के भाई नंद किशोर ने बहनोई सुनील व उनकी मां छोटी बिटिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कहा कि बहन सरिता का विवाह 15 वर्ष पूर्व सुनील के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही सुनील व छोटी बिटिया बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। कई बार सुनील के यहां पंचायत भी हुई थी।
शनिवार दोपहर सुनील व छोटी बिटिया ने बहन सरिता के साथ मारपीट कर जबरन जहर खिला दिया। इससे उसकी मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने सरिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।