फर्रुखाबाद। अल्ट्रासाउंड सेंटर के डॉक्टर पर 15 दिन के अंतराल में पत्नी के गर्भ की अलग-अलग रिपोर्ट देने का आरोप लगाया है। पति का आरोप है कि जब उसने शिकायत की उक्त डॉक्टर ने रिवाल्वर दिखाकर धमकाया भी। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पति ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। सीजेएम ने शहर कोतवाली से आख्या मांगी है।
मोहम्मदाबाद के गांव नगला बाग रठौरा निवासी शशीकांत दीक्षित ने प्रार्थना पत्र में बताया कि बीती 25 नवंबर को पत्नी साधना के पेट में दर्द होने पर एक डॉक्टर के पर्चे पत्नी को लेकर अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंचा। सेंटर के डॉक्टर ने गर्भ में बच्चा न होने की रिपोर्ट दी। जिसे देखने के बाद डॉक्टर ने दवा लिख दी। दवा खाने के बाद पत्नी की हालत बिगड़ गई।
बीती 10 दिसंबर को फिर से उसी सेंटर पर पत्नी की जांच कराई तो सेंटर के डॉक्टर ने गर्भ में छह सप्ताह पांच दिन का शिशु होने की रिपोर्ट दी। 15 दिन के अंतराल में भिन्न रिपोर्ट देने की बात कही तो आरोपी सेंटर के डॉक्टर रिवाल्वर निकालकर धमकाया। इतना ही नहीं 25 नवंबर की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट छीन कर फाड़ दी। शशी के अधिवक्ता हिमांशु राय श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में 17 जनवरी की तारीख लगी है।