फर्रुखाबाद। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जय सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी भाऊपुर के पूर्व लिपिक के खिलाफ रिपोर्ट लिखने का आदेश शहर कोतवाली प्रभारी को दिया है। पूर्व कर्मचारी पर छात्र की फीस के 15 हजार रुपये हड़पने का आरोप है।
कन्नौज के थाना गुरसहायगंज के तिलमई जलालाबाद निवासी उत्तम यादव ने फतेहगढ़ के जय नारायन वर्मा रोड निवासी जय सिंह कॉलेज आफ फॉर्मेसी भाऊपुर के पूर्व लिपिक विनय पाल के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दायर की थी।
आरोप है कि वर्ष 2020 में डी-फार्मा में प्रवेश के लिए लिपिक विनय पाल को फीस जमा करने के लिए 15 हजार रुपये खाते से ट्रांसफार्मर किए थे। कुछ दिन बाद कॉलेज से फीस जमा करने के लिए फोन आया। कॉलेज जाकर पता किया तो मालूम हुआ कि लिपिक नौकरी छोड़कर चला गया है, उन्होंने फीस जमा नहीं की थी।
विनय पाल के घर जाकर फीस जमा करने के लिए कहा तो उसने छह सितंबर 2021 को जमा करने का आश्वासन दिया। छह सितंबर को दो दोस्तों के साथ पूर्व लिपिक के घर गया और फीस जमा करने के लिए कहा, उसने फीस जमा करने से इनकार कर दिया।
विरोध करने पर पूर्व लिपिक ने गाली देकर उसकी पिटाई कर दी। मित्रों ने उसको बचाया। पूर्व लिपिक ने छात्र की फीस के 15 हजार रुपये धोखाधड़ी कर हड़प लिए।