रेलवे स्टेशन पर यात्री विश्राम कक्ष। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। अगले सप्ताह से रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को वातानुकूलित विश्राम कक्ष की सुविधा मिलेगी। इसमें एक घंटे आराम करने पर मात्र 10 रुपये का भुगतान करना होगा। इसका लाभ सिर्फ रिजर्वेशन कराकर यात्रा करने वालों को ही मिलेगा। बुकिंग पीएनआर नंबर के आधार पर होगी। विश्राम कक्ष में कैंटीन की सुविधा होगी। यहां खिलौने, बैग, गंगाजल आदि भी खरीदा जा सकेगा।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर बने यात्री विश्राम कक्ष को संचालन के लिए निजी हाथों में दिया गया है। इसे वातानुकूलित बनाया जा रहा है। इसमें एक घंटे आराम करने के लिए यात्री को 10 रुपये अदा करने होंगे। अगर कोई यात्री एक घंटे से ज्यादा आराम करना चाहता है तो उसे प्रति घंटे 10 रुपये के हिसाब से भुगतान करना होगा। विश्राम कक्ष के मुख्य गेट पर काउंटर बनेगा।
यहां यात्री अपने पीएनआर नंबर से बुकिंग कराकर प्रवेश पा सकेंगे। इसके लिए ऑटोमैटिक मशीन लगेगी। एक घंटा होते ही एनाउंसमेंट करके अवगत कराया जाएगा। विश्राम कक्ष में कैंटीन भी होगी। इसमें गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री मिलेगी। इसके अलावा खिलौने, बैग, रुमाल, तौलिया, गंगाजल आदि सामान उपलब्ध कराने के लिए स्टॉल लगेंगे।
सेवा मुहैया कराने वाली निजी कंपनी आरके फूड के मैनेजर आशीष यादव ने बताया कि एसी रेल विभाग को लगवाना है। दो दिन में यह लग जाएंगे। इसके बाद अन्य काम पूरा कराया जाएगा। अगले सप्ताह से यात्रियों को सेवा मिलने लगेगी। वातानुकूलित विश्राम कक्ष में सामान्य टिकट के यात्रियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसमें स्लीपर और एसी के यात्रियों को ही बुकिंग कराने की सुविधा होगी।