कायमगंज (फर्रुखाबाद)। रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के इंजन का पैंटोग्राफ खराब होने से करीब तीन घंटे तक रेल आवागमन बंद रहा। क्रासिंग बंद होने से दिल्ली जाने वाले बसें और अन्य वाहन भी फंसे रहे। क्रासिंग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बाद में वाहनों को दूसरे मार्ग से निकाला गया। रात 12:23 के बाद रेल यातायात बहाल हुआ।
बाराबंकी जा रही मालगाड़ी शनिवार रात करीब 9:30 बजे कायमगंज रेलवे स्टेशन रुक गई। जांच में पता चला कि मालगाड़ी के इंजन का पैंटोग्राफ फेल हो गया। पैंटोग्राफ में 25000 वोल्ट का करंट प्रवाहित होने के कारण बिना टेक्निकल टीम के दुरुस्त नहीं किया जा सकता था।
फतेहगढ़ में टीआरडी (ट्रेक्शन डिस्टिब्यूशन) टीम को सूचना दी गई। 11:33 बजे कायमगंज स्टेशन पहुंची तकनीकी टीम ने काम शुरू किया। पैंटोग्राफ टूटा मिला। 12:23 बजे पैंटोग्राफ को ठीक किया गया। मरम्मत के कारण करीब तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा।
मालगाड़ी के डिब्बे स्टेशन से चीनी मिल तक खड़े थे। इस कारण अलीगंज रोड की रेलवे क्रासिंग भी बंद रही। इससे दिल्ली जाने वाली रोडवेज व प्राइवेट बसें भी खड़ी रहीं। क्रासिंग से टीपी चौराहे तक वाहनों की लाइन लग गई।
बाद में वाहनों को कंपिल रोड से निकाला गया। स्टेशन मास्टर विमल वर्मा ने बताया कि 12:23 बजे पैंटोग्राफ ठीक होने के बाद मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया।
दो ट्रेनें, दो मालगाड़ी हुईं प्रभावित
स्टेशन मास्टर विमल वर्मा ने बताया कि तीन घंटे में दो ट्रेनें व दो मालगाड़ी प्रभावित हुईं । 09716 कानपुर कासगंज एक्सप्रेस शमसाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। 05389 कासगंज कानपुर एक्सप्रेस कंपिल रोड पर खड़ी रही। एक मालगाड़ी फर्रुखाबाद व एक मालगाड़ी शमसाबाद में खड़ी रही।