कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते वकील। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। अराजकतत्व बताए जाने से नाराज वकीलों ने बार कौंसिल के आह्वान पर शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को देकर वकीलों पर अधिकारियों द्वारा अमर्यादित टिप्पणी न करने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर अधिकारी इस तरह की टिप्पणी करेंगे तो वकील आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्राम सिंह यादव और महासचिव संजीव पारिया के नेतृत्व में वकीलों ने कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। डीएम को दिए ज्ञापन में कहा है कि प्रदेश सरकार के विशेष सचिव प्रफुल्ल कमल ने 14 मई को जारी पत्र में वकीलों को अराजकतत्व बताया है। इससे वकीलों में रोष है। यह वकीलों के स्वाभिमान पर कुठाराघात है।
वकील आफीसर ऑफ कोर्ट हैं, जिनके खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना अवमानना की श्रेणी में आता है। वकीलों ने विशेष सचिव के पत्र को समाप्त करने और वकीलों के खिलाफ उत्पीड़नात्मक कार्रवाई न किए जाने की मांग की है। इस पर विचार कर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वकील आंदोलन करेंगे। इस दौरान कई वकील मौजूद रहे।