फर्रुखाबाद। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर वह आलू किसानों को घाटा नहीं होने देंगे। कन्नौज व फर्रुखाबाद के बीच एक आलू आधारित उद्योग लगवाएंगे। सड़कों की हालत सुधारने के साथ ही लिपुलेक मार्ग (इटावा-बरेली हाईवे) को छह लेन बनवाएंगे।
जिले में मेडिकल कॉलेज बनवाने का वादा भी किया। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान में तेवर ठंडे पड़ गए और दूसरे चरण में सन्न रह गए। फर्रुखाबाद के लोग जब वोट डालेंगे तो शून्य रह जाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गांव नीबकरोरी के पास स्थित गांव पंचम नगरिया के एक कालेज के मैदान में भोजपुर प्रत्याशी अरशद जमाल सिद्दीकी, अमृतपुर प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र यादव, कायमगंज प्रत्याशी सर्वेश आंबेडकर व सदर विधानसभा क्षेत्र से गठबंधन की प्रत्याशी सुमन मौर्या के लिए समर्थन मांगा।
कहा कि किसानों को कुचलने वाले मंत्री के पुत्र को जनता की अदालत कभी जमानत नहीं देगी।
अन्ना मवेशी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरते हुए कहा कि उनके प्रिय जानवर की वजह से किसानों को रात में जागना पड़ रहा है। वे लोगों की जान भी ले रहे हैं। सपा सरकार बनी तो सेना व पुलिस में भर्ती होगी। 11 लाख खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। शिक्षामित्रों का सम्मान लौटाया जाएगा।
जिले को एक्सप्रेसवे से जोड़ेंगे। संकिसा व नीबकरोरी धाम के साथ पूरे फर्रुखाबाद का विकास होगा। 300 यूनिट फ्री बिजली, किसानों को फ्री सिंचाई की व्यवस्था होगी। राममनोहर लोहिया को याद करते हुए कहा कि समाजवादियों ने सभी को सम्मान दिया है। तभी नेताजी ने यहां राममनोहर लोहिया अस्पताल बनवाया था।
सावधान रहने की दी सलाह
अखिलेश यादव ने पूर्व राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह यादव का नाम लिए बिना कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में उन्होंने ठीक नहीं किया। वह ऐसे लोग हैं कि जो अपना वोट भी दूसरे प्रत्याशी को दे देते थे। वह भी चुनाव लड़ रहे हैं।
ऐसे में उनसे सावधान रहने की जरूरत है। इस दौरान जिला चुनाव संयोजक डॉ. सुबोध यादव, पूर्व सांसद चंद्रभूषण सिंह उर्फ मुन्नू बाबू, पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी, डॉ. अनार सिंह यादव, विजय यादव, जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, पूर्व ब्लाक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।