अमृतपुर। इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित चाचूपुर पर पिकअप खराब होने से आठ घंटे जाम लगा रहा। यातायात प्रभारी ने पिकअप को हटवाकर जाम खुलवाया है। पांचाल घाट व राजेपुर थाना पुलिस की लापरवाही से आए दिन हाईवे पर जाम लग रहा है।
इटावा-बरेली हाईवे पर आए दिन गंगा पुल पांचाल घाट, चाचूपुर, रामगंगा पुल, मसेनी के पास जाम लग जाता है। मंगलवार को गांव चाचूपुर के पास सुबह करीब चार बजे एक पिकअप बीच सड़क पर खराब हो गई। एक तरफ दुकानें रखी हैं तो दूसरी तरफ खाई होने से वाहनों का निकल पाना मुश्किल हो गया।
इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पांचाल घाट चौकी के पास सड़क पर दोनों तरफ ठेली लगने से पांचाल घाट पुल पर भी जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें गांव गांधी तक लग गईं। सुबह जाम लगने से सरकारी और प्राइवेट कर्मचारी भी समय से अपनी ड्यूटी पर नहीं जा सके।
जाम में फंसे लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। यातायात प्रभारी रजनेश यादव ने चाचूपुर पहुंच कर पिकअप को जेसीबी से हटवाकर किनारे कराया, तब दोपहर को करीब 12 बजे यातायात सामान्य हो सका।