फर्रुखाबाद। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने शुक्रवार (जुमे) की नमाज के लिए मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। जिलाधिकारी ने तीन जोनल व 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर मुस्तैद रहने के आदेश दिए हैं। एडीएम को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
कानपुर में तीन मई को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद शासन व प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने जुमे की नमाज पर संवेदनशीलता को देखते हुए निगरानी के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। उन्होंने अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है।
जिले को तीन जोन में बांटकर शहरी क्षेत्र में एसडीएम नरेंद्र सिंह, कायमगंज क्षेत्र में एसडीएम ऋषभ वर्मा व अमृतपुर क्षेत्र में एसडीएम पद्म सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है। इसके अलावा जिले के सभी 13 क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था देखेंगे। विवाद की सूचना पर वह मौके पर जाकर निस्तारण कराएंगे।