राजेपुर। ग्राम समाज की भूमि पर बोया गया गन्ना लेकर चीनी मिल जाते समय दो युवकों को पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली सहित पकड़ लिया। पता चलने पर परिवार की महिलाओं व ग्रामीणों ने थाना घेर लिया। चालक व युवक को छुड़ा ले गए। हालांकि पुलिस ने वाहन व गन्ना को नहीं छोड़ा है।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत कचनपुर सबलपुर में ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध पट्टे को लेकर विवाद है। उसी जमीन पर गन्ना बोया गया है। गांव आशा की मड़ैया निवासी अशोक कुमार शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ने लादकर रूपापुर चीनी मिल जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्राली, चालक व एक युवक को पकड़ लिया।
सभी को थाने लाया गया। कुछ ही देर में पूर्व प्रधान रामबरन की अगुवाई में करीब 25-30 महिलाएं व ग्रामीण थाने पहुंच गए। वहां वह इस कार्रवाई का विरोध करने लगे। पुलिस से नोकझोंक के बाद ट्रैक्टर चालक व युवक को छुड़ा ले गए।
सीओ अजेय कुमार शर्मा ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर गन्ना पकड़ा गया है। इस मामले में एसडीएम अमृतपुर प्रीती तिवारी का कहना है कि सरकारी भूमि पर गन्ना की फसल बोने और उसे बेचने के लिए ले जाने की शिकायत मिली थी।
इस वजह से पुलिस को भेजकर पकड़वा लिया गया। पुलिस ने किसे छोड़ा है या नहीं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। सरकारी भूमि होने के नाते पकड़े गए गन्ने की नीलामी कराई जाएगी।