अमर उजाला के चुनावी रथ सत्ता के संग्राम में फतेहगढ़ स्थित स्टेडियम में युवाओं से चर्चा कार्यक्र?
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। अमर उजाला का चुनावी रथ सत्ता का संग्राम शनिवार सुबह फतेहगढ़ स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में खिलाड़ी और युवाओं के बीच पहुंचा। इस दौरान खिलाड़ियों और युवाओं ने खेल के प्रति जिले में मिलने वाली सुविधाओं और जिले में हुए बदलाव पर खुलकर बात की। स्पोर्ट में जनप्रतिनिधियों के सहयोग और ध्यान न देने पर खिलाड़ियों में नाराजगी दिखाई दी। किसी ने वर्तमान सरकार में जिले में बदलाव होने की बात कही, तो किसी ने अभी और विकास कराने की आवश्यकता बताई।
नेशनल शूटर अनिल पाल ने कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि और अधिकारियों का सपोर्ट नहीं मिलता है। स्टेडियम में कई खेलों के कोच नहीं हैं। जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस अच्छे कोच की जरूरत है। खिलाड़ी आरती ने कहा कि जनप्रतिनिधि जिला व खिलाड़ियों के लिए कुछ नहीं करते हैं। सड़कों की भी दुर्दशा है। वर्तमान सरकार में जिले में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। युवा शिवम दुबे ने कहा कि वर्तमान सरकार में जिले में बदलाव हुआ है। दो ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। महिलाएं सुरक्षित हैं, अपराध में कमी आई है। सुमित कुमार बोले चुनाव के दौरान सड़कों की मरम्मत कराने की याद आती है, बाकी समय टूटी व गड्ढों वाली सड़कों पर सफर करना होता है।
आर्यन राजूपत ने जिले में खिलाड़ियों के लिए दो स्टेडियम होने की आवश्यकता बताई। पूर्वी कुशवाहा बोलीं जिले में अच्छे कॉलेज भी नहीं हैं। बेहतर पढ़ाई के लिए बाहर जाना पड़ता है। आरती ने कहा की महिला सुरक्षा में पुलिस दिलचस्पी नहीं लेती है। अनुज कुमार ने बताया कि वर्तमान सरकार में काफी सुधार हुआ है। लोगों को सोच बदलनी होगी, सरकार सिर्फ सहयोग करती है। रजनीश मिश्रा ने कहा कि इस सरकार में गुंडा भाग गए हैं। आकाश तिवारी पूर्व की इस सरकार में गलती करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती थी। वर्तमान सरकार में गलती करोंगे, तो सजा जरूर मिलेगी। महिला सुरक्षा को पुलिस हर समय तत्पर रहती है।
शबनम व अंजली बोलीं वर्तमान भाजपा सरकार में घर से निकलने पर उनको अब डर नहीं लगता है। गौरी चतुर्वेदी ने कहा कि बेरोजगारी सर्वाधिक है, परीक्षा के बाद परिणाम नहीं आते हैं। इससे उम्र निकल जाती है और नौकरी पाने का सपना टूट जाता है। इस दौरान अविनेंद्र, लक्ष्मण टंडन, भूपेंद्र प्रताप सिंह, निशीत सक्सेना समेत अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।