हॉटस्पाट क्षेत्र से बाजार में आ रहे लोग, खुल रहीं दुकानें
कमालगंज। कस्बे के निकटवर्ती हॉटस्पाट गांव के सील होने के बावजूद इन गांव के लोगों के आवाजाही न रुकने की शिकायत आसपास के ग्रामीणों ने की है। आवाजाही के चलते ग्रामीण क्षेत्रों के लोग डरे हुए हैं।
राजेपुर सरायमेंदा के नौ लोग कोरोना पॉजिटिव हैँ। इसके साथ ही गंगाइच में चार व शेखपुर में एक पॉजिटिव मिला था। तीनों गांवों को पुलिस ने सील करा दिया था। इसके बावजूद इन गांवों से लोगों के आने जाने पर कुछ गांव वालों ने खुद भी बैरिकेडिंग कर दी थी।
फिर भी निकटवर्ती गांव के लोगों ने शिकायत की है कि शेखपुर, राजेपुर व गंगाइच के लोग अभी भी आ-जा रहे हैं। राजेपुर गांव में गंगाइच की ओर जाने वाली सड़क पर बनाई गई ईंट की दीवार को गांव के लोगों ने हटा दिया। हॉटस्पाट गांव से लोग कमालगंज बाजार में दुकान भी खोल रहे हैं।
ड्रोन कैमरा उड़ने पर लोग घरों की ओर भागे
कमालगंज। गंगाइच में चार व शेखपुर गांव में एक कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दोनों गांव सील हैं। दोनों गांवों में बुधवार को ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। कैमरे से बनाए गए वीडियो के परीक्षण में दोनों गांव में कई लोग सड़क व गली से घरों की ओर भागते दिखे। गांव गंगाइच में करीब 10 मिनट तक ड्रोन कैमरा चलाया गया।
कैमरे ने गांव की सभी आठ गलियों के ऊपर से वीडियो बनाई। महाराष्ट्र से आई एक टैक्सी भी वीडियो में आ गई है। ग्राम प्रधान मो. नफीस मौजूद रहे। इसके बाद शेखपुर में ग्राम प्रधान बेबी शबीना के पति इशरार अहमद की मौजूदगी में ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। यहां भी करीब 10 मिनट कैमरे को उड़ाया गया।
कोरोना पॉजिटिव युवक के मकान वाली गली पर भी ड्रोन ने कई चक्कर लगाए। ड्रोन कैमरे का संचालन विनय कुमार रिंका ने किया।