क्रय केंद्र प्रभारी को निलंबित कर एफआईआर के आदेश
फर्रुखाबाद। गेहूं खरीद में मनमानी करने वाले पीसीएफ के केंद्र प्रभारी को जिलाधिकारी ने निलंबित कर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। एसडीएम की जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर जिलाधिकारी ने कार्रवाई की है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव खिमसेपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समिति में पीसीएफ का गेहूं क्रय केंद्र संचालित है। शनिवार को किसान की शिकायत पर एसडीएम सदर अनिल कुमार जांच करने पहुंचे। वहां केंद्र प्रभारी/सचिव सुशील कुमार अवस्थी ने टोकन रजिस्टर बनाया ही नहीं था।
शिकायत करने वाले किसान का ऑनलाइन टोकन होने के बावजूद सुशील ने गेहूं तौल न कर सातनपुर मंडी भेज दिया। वहां यह कहकर मना कर दिया गया कि टोकन खिमसेपुर क्रय केंद्र का है। इस पर फिर गेहूं भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर किसान खिमसेपुर पहुंचा। तब सुशील ने बारदाना न होने का बहाना बनाया।
एसडीएम ने गहनता से जांच की तो पता चला कि बिचौलियों का गेहूं खरीदकर किसानों के खातों में भुगतान कराया जा रहा है। केंद्र पर स्टॉक रजिस्टर, दैनिक क्रय पंजिका व टोकन रजिस्टर भी नहीं था। मनमाने तरीके से केंद्र प्रभारी सुशील गेहूं की खरीद कर शासनादेश का उल्लंघन कर रहा था। एसडीएम की जांच रिपोर्ट पर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने एडीएम को केंद्र प्रभारी को निलंबित कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
विदित है कि पीसीएफ के नवाबगंज स्थित कनासी गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी को निलंबित कर एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। राजेपुर के कुबेरपुर कुतलूपुर स्थित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई लंबित चल रही है। वहीं मोहम्मदाबाद स्थित खाद्य विपणन विभाग के क्रय केंद्र प्रभारी के निलंबन की संस्तुति की जा चुकी है। एफआईआर के भी आदेश हैं।