सात वार्डों में परिणाम घोषित नहीं, दोबारा हुए नामांकन
कायमगंज। विकास खंड की ग्राम पंचायत कुंवरपुर इमलाक में सात वार्डों में पिछले दिनों चुनाव होने के बाद भी परिणाम घोषित नहीं किए गए। अब इन वार्डों में दोबारा चुनाव के लिए नामांकन कराया गया है। वहीं पिछले दावेदारों ने निर्वाचन आयोग से शिकायत पर चुनाव रोकने के साथ मतगणना कराने की मांग की है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत कुंवरपुर इमलाक से नसीम बेगम प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं। वहीं 11 वार्डों में से तीन सदस्य वार्ड नंबर दो से असफिया, चार से चमन व वार्ड 6 से ममता निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। वार्ड नंबर सात से कोई नामांकन न होने से पद रिक्त था जबकि सात वार्डों में चुनाव हुुआ था।
वार्ड नंबर एक से रामनिवास व सरनाम सिंह, वार्ड तीन से इस्तियाक व रिजवान, वार्ड पांच से अशोक व अवनीश, वार्ड आठ से जसवंत, नवी हसन व अयूब, वार्ड नौ से बाबूराम व सौरभ, वार्ड 10 से अखिलेश व भूप सिंह, वार्ड 11 से रीना व रामलली ने सदस्य पद के लिए नामांकन किया था।
इन्हें चुनाव चिह्न भी आवंटित किए गए। 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद दो मई को मतगणना हुई। इसमें प्रधान व निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों को आरओ ने प्रमाणपत्र दिए लेकिन उक्त सात वार्डों का परिणाम घोषित नहीं किया गया। अब रविवार को दोबारा नामांकन करा दिए गए।
इससे पहले ही सात वार्डों के सदस्य पद के दावेदारों ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर चुनाव रोकने और दोबारा मतगणना कराकर प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की है। हालांकि सदस्यों का परिणाम घोषित न होने से ग्राम पंचायत असंगठित रह गई और प्रधान शपथ नहीं ले सकीं।
पता चला है कि चुनाव परिणाम की शीट कहीं खो गई है। चुनाव परिणाम घोषित न करने और दोबारा नामांकन करने के संबंध में आरओ अशोक कुमार उपाध्याय से फोन पर संपर्क किया गया। सवाल पूछते ही उन्होंने फोन काट दिया। दोबारा घंटी जाती रही, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
प्रभारी बीडीओ राजबहादुर ने बताया कि ग्राम पंचायत कुंवरपुर इमलाक के रिक्त आठ वार्डों में सदस्य पद के लिए एक-एक नामांकन हुआ है। इससे सभी का निर्विरोध निर्वाचन तय है। इस संबंध में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह का कहना है कि चुनाव परिणाम घोषित न होने का मामला गंभीर है। इसकी गहनता से जांच कराई जाएगी।