कायमगंज (फर्रुखाबाद)। ऑनलाइन ठगी करने के अलग-अलग हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। इससे आए दिन लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं। हाल ही में नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा कूंचा निवासी युवक की साइकिल खरीदने के बहाने उल्टा उसी से 14300 रुपये ट्रांसफर करकार ठगी कर ली गई। युवक ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नगर के मोहल्ला गंगा दरवाजा कूंचा निवासी हिमांशु बजाज ने 26 अक्तूबर को साइकिल बेचने के लिए एक वेबसाइट पर फोटो अपलोड कर कीमत व मोबाइल नंबर डाल दिया। हिमांशु के मोबाइल पर एक काल आई और कहा कि वह उनकी साइकिल खरीदना चाहता है। सौदा तय होने के बाद ठग ने युवक के व्हाट्सएप पर एक बार कोड डाला और कहा कि वह जैसे बताए वैसे ही उसे किलिक करते रहें। युवक ने वैसा ही किया।
पहली बार में उसके खाते से 1500 रुपये कट गए। इसके बाद युवक ने कहा कि उसके खाते में पैसे नहीं आए तो ठग ने उन्हें फिर वैसे ही करने को कहा। इस तरह कई बार में हिमांशु के खाते से 14300 रुपये कट गए। बाद में जब अपना बैलेंस चेक किया तो पता लगा कि उनके ही खाते से पैसा कट रहे हैं। हिमांशु ने अज्ञात ठग द्वारा इस्तेमाल किए जा रहा मोबाइल नंबर लिखकर पुलिस को दिया। पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाने के गांव रूपपुर मंगलीपुर निवासी रामरतन के खाते से धोखाधड़ी करके 4.25 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। जब रामरतन ने आरोपी से रुपये वापस करने को कहा, तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर गांव के ही जितेंद्र कुमार और एक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। (संवाद)