कमालगंज। सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ को दो चिकित्सक और आठ कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। रजिस्टर में गड़बड़ी देख सुधार के निर्देश दिए। मातृ एवं बाल सुरक्षा कार्ड में नंबर लिखा न देख लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए कहा।
सुबह सवा दस बजे सीएचसी पहुंचे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद्रा को देख कर्मचारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए। सीएमओ ने यहां उपस्थिति रजिस्टर देखा तो डॉ. विवेक कनौजिया और डॉ. स्मिता शाक्य गैरहाजिर मिले। स्टाफ नर्स नीरज पाल, आराधना, राखी, डाटा एंट्री ऑपरेटर स्वाति यादव, पीकू वार्ड में तैनात स्टाफ नर्स दुर्गेश सक्सेना, सूरज, अशोक व कौशल भी अनुपस्थित थे।
सीएमओ ने डायट रजिस्टर, मरीज भर्ती रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर आदि देखे। औषधि वितरण कक्ष में दवा स्टॉक रजिस्टर देखा। एंटी रेबीज वैक्सीन के बारे में पूछताछ की तो फार्मासिस्ट पवन कुमार ने बताया कि 15 वैक्सीन थीं। 14 लग चुकी हैं और एक बची है। चीफ फार्मासिस्ट पीसी राजपूत वैक्सीन लेने गए हैं।
एआरवी रजिस्टर पर वैक्सीन लगने की तारीख न लिखी होने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। प्रसव केंद्र में भर्ती नगला पाल निवासी अन्नू देवी के मातृ एवं बाल सुरक्षा कार्ड पर नंबर न लिखा होने पर सीएमओ भड़क गए। कहा कि लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करें। गुड्डी-गुड्डा बोर्ड पर जनवरी माह में जन्में बच्चों का ही विवरण अंकित मिला।
बेंच पर तीमारदार महिला को लेटा देख उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई। कहा कि अस्पताल में बेड नहीं हैं क्या, महिला को बेड पर लिटाओ। सीएमओ को वाटर कूलर से गर्म पानी आता मिला। कारण पूछने पर डॉ. मान सिंह वर्मा ने बताया कि वाटर कूलर को ठीक कराने के लिए ईओ को पत्र भेज दिया है। सीएमओ न बताया कि गैरहाजिर डॉक्टर और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।