मोहम्मदाबाद। सास ने कोर्ट के आदेश पर बहू व उसके छह परिजनों के खिलाफ मारपीट और लूट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नीबकरोरी निवासी मीना कुमारी ने जनपद इटावा थाना बसरेहर गांव बादरीपूठ निवासी बहू नेहा व उसके परिजन अरविंद कुमार, शिव कुमार, पप्पू, ऊषा देवी, सुनील, अनीता के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। मीना कुमारी ने बताया कि वह प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका है।
बड़ा पुत्र प्रशांत आर्मी में है। प्रशांत की शादी नेहा से हुई थी। दोनों का तलाक का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। प्रार्थना पत्र में कहा है कि वह अपने बीमार पति व छोटे बेटे के साथ रहती हैं। 14 फरवरी को नेहा व उसके परिजन कचहरी में तलाक के मुकदमे में आए थे।
यह लोग शाम को घर पर आए और तलाक के प्रपत्रों पर हस्ताक्षर करने के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की। मीना कुमारी का आरोप है कि इनकार करने पर उसे व पुत्र प्रभात को मारपीट कर घायल कर दिया। इन लोगों ने अलमारी से दो लाख रुपये के जेवर व 35 हजार रुपये लूट लिए। कुंडल व सोने की चेन भी उतार ली। बहू सहित सातों लोगों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।