ायमगंज स्थित कांशीराम कालोनी से अवैध कब्जे हटवातीं ईओ व पुलिस। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। चीनी मिल रोड स्थित कांशीराम कालोनी में काफी समय से अवैध कब्जा कर रह रहे लोगों को पालिका प्रशासन ने पुलिस की मदद से बेदखल कर दिया है। इन लोगों का सामान निकलवाकर जिस लाभार्थी को जो आवास मिला है उसे कब्जा दिलाया गया। कब्जा पाकर लाभार्थी खुश नजर आए।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने पिछले माह कांशीराम कालोनी के 96 आवासों में 56 का आवंटन कर लाभार्थियों को अधिकार पत्र सौंपे थे। इन आवासों में ज्यादातर में लोग पहले से ही कब्जा जमाए बैठे थे। इससे जिन लाभार्थियों को आवास आवंटित हुए उन्हें कब्जा नहीं मिल रहा था। इस पर जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को ईओ सीमा तोमर मंडी चौकी प्रभारी अशोक कुमार व एसआई राजेंद्र सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ कालोनी पहुंचे।
वहां एक-एक परिवार 3-3 आवास घेरे मिला। किसी में लकड़ी तो किसी में कंडे भरे थे। पालिका कर्मियों ने आवास खाली करा दिए। इस दौरान कुछ कब्जेदारों ने खुद को भी पात्र बताया और आवेदन भी देने की जानकारी दी। इन्हें बताया गया कि जिस लाभार्थी को आवास आवंटित हुआ है उसी को कब्जा मिल सकता है। ईओ सीमा तोमर ने बताया कि सभी कब्जेदारों से आवास खाली करा लिए गए हैं। लाभार्थियों को कब्जा दिला दिया गया। अन्य में अपने ताले डाल दिए गए हैं। जिन लोगों को आवास आवंटित होंगे उनको इनकी चाभी दी जाएगी।