अमृतपुर। स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसूता की मां से रुपये मांगे जाने की शिकायत डॉक्टर से की गई है। आरोप है कि रुपये न देने पर स्टाफ नर्स ने प्रसूता की अस्पताल से छुट्टी कर दी। सीएमओ का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर में शुक्रवार शाम को माखन नगला की प्रसूता पूजा को उसकी मां अंजना ने अस्पताल में भर्ती कराया था। रात में पूजा ने पुत्र को जन्म दिया। मां का आरोप है कि एक स्टॉफ नर्स ने रुपये मांगे तो उन्होंने पांच सौ रुपये दे दिए। इस पर नर्स आग बबूला हो गई और रुपये फेंकते हुए 2500 रुपये की मांग की।
मांग पूरी न करने पर नर्स ने न सिर्फ अभद्र शब्दों का ही प्रयोग किया बल्कि शनिवार सुबह ही पूजा की अस्पताल से छुट्टी कर दी। इसकी शिकायत अंजना ने अस्पताल के डॉ. गौरव वर्मा से की है। डॉ. गौरव वर्मा ने बताया कि नर्स की रुपयों से संबंधित पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं।
इसकी सूचना एमओआईसी को दी गई है। सीएमओ डॉ. संतीश चंद्र ने बताया कि स्टाफ नर्स के द्वारा रुपये मांगने की जांच कराई जाएगी कार्रवाई की जाएगी।