फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधी बसें चुनाव में, यात्री मुसीबत में फंसे

विज्ञापन
रोडवेज बस में चढ़ने को लेकर होती धक्का-मुक्की। संवाद - फोटो : FARRUKHABAD
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। रोडवेज की 93 में से 46 बसें चुनावी ड्यूटी में चले जाने से यात्री परेशान हो रहे हैं। दो बसें चुनाव की इमरजेंसी ड्यूटी के लिए रिजर्व में हैं। चुनाव ड्यूटी में सबसे ज्यादा दिल्ली रूट की बसें गई हैं। इस कारण सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हो रही है। बसों की कमी से बस अड्डे पर दिन भर हाय-तौबा रहती है। सोमवार को भी बस में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की मची रही। हालात ऐसे रहे कि गैर डिपो की बसे आने के बाद ही यात्री का सफर शुरू हो रहा है। दूसरी ओर, दिल्ली और आगरा रूट की ट्रेनों में आरक्षण फुल है। इस कारण दिल्ली का सफर बहुत ही मुश्किल भरा हो गया है।
विज्ञापन

रोडवेज डिपो की 46 बसें सुरक्षा कर्मियों को लेकर चुनाव कराने विभिन्न जिलों में गईं हैं। इनमें से सर्वाधिक करीब 25 बसें दिल्ली रूट, बाकी आगरा, कानपुर और लखनऊ रूट की हैं। सरकारी निर्देश के अनुपालन में दो बसों को इमरजेंसी ड्यूटी के लिए चालक-परिचालक के साथ तैयार रखा गया है। इस कारण डिपो के पास 45 बसें ही रह गई हैं। उन्हें जरूरत के अनुसार मार्गों पर भेजा जा रहा है।
हालात यह हैं एसी के अलावा एक भी बस दिल्ली के लिए स्थानीय डिपो से रवाना नहीं हो पा रही है। इससे यात्रियों की परेशानी बरकरार है। गैर डिपो की बसें आने पर दिन भर धक्का-मुक्की होती रहती है। उधर, ट्रेनों की बात करें तो दिल्ली के लिए दैनिक कालिंदी एक्सप्रेस और साप्ताहिक आनंद विहार एक्सप्रेस हैं। इसके अलावा आगरा के लिए दो ट्रेनें और जाती हैं। वाणिज्य अधीक्षक सीपी पटेल ने बताया कि इन ट्रेनों में एक सप्ताह तक कोई सीट नहीं है।
विज्ञापन

डग्गामार वाहन आ रहे काम
रोडवेज बस स्टैंड के सामने खड़े रहने वाले डग्गामार वाहनों की इन दिनों चांदी है। परिसर में आवाज लगाकर बसें, टेंपो, टैक्सी में सवारियों को भरा जा रहा है। दिन में कानपुर, आगरा और शाम सात बजे के बाद दिल्ली रूट के लिए बसें भरी जाती हैं। परेशान यात्रियों को डग्गामार का ही सहारा बचा है।
15 दिन और उठानी पड़ेगी दिक्कत
चुनाव में गईं बसें अंतिम चरण के मतदान के बाद आठ मार्च को ही वापस आएंगी। इस दौरान करीब 15 दिनों तक यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। एआरएम आरसी यादव ने बताया कि चुनाव में बसें भेजने से नहीं रोका जा सकता। कोशिश होती है कि जो बसें हैं, उन्हें उस रूट पर भेजा जाए, जिसकी सवारियां अधिक हैं।
महिला से अभद्रता करने वाले को धुना
बस स्टैंड पर आगरा जाने वाली एक बस पर चढ़े युवक ने खड़ी महिला से अभद्रता कर दी। उसके साथ धक्कामुक्की की और गालीगलौज कर दी। जानकारी होने पर बसों के स्टाफ ने जब युवक से अभद्रता से कारण पूछा, तो वह गालीगलौज करने लगा। इससे गुस्साए यात्रियों ने उसे पकड़कर धुन दिया। इस पर युवक बस से उतरकर चला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें