शहर की ठंडी सड़क स्थित दुकान में लगी आग से निकलतीं लपटें। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। हाईटेंशन लाइन में बुधवार देर रात हुए फाल्ट से निकली चिंगारी ऑटोमोबाइल की दुकान पर जा गिरी। इससे भड़की आग से दुकान में रखे सैकड़ों टायर समेत 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया।
शहर की ठंडी सड़क निवासी पंकज दुबे के तीन मंजिला मकान में ऑटोमोबाइल की दुकान है। उसमें ट्रक, ट्रैक्टर, कार समेत अन्य वाहनों के टायर, मशीनरी सामान भरा था। बुधवार रात करीब 11 बजे पास से ही गुजरी हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने से चिंगारी निकलीं जो पहली मंजिल की खिड़की खुली होने से अंदर जा गिरी। कुछ देर बाद तेज धुआं और रोशनी देख परिजनों की चीखने पर आसपास के लोग पहुंच गए।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। पंकज परिजन के साथ किसी तरह मकान से बाहर आए और सूचना दमकल विभाग को दी। करीब 40 मिनट बाद दमकल की गाड़ी पहुंची, मगर कुछ ही देर में उसका पानी खत्म हो गया। इसके बाद दूसरी गाड़ी मंगाई गई।
आग की भयावहता देख कायमगंज से भी एक गाड़ी मंगानी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान कोतवाली पुलिस भी मौजूद रही। पंकज ने बताया कि आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।