कायमगंज (फर्रुखाबाद)। फेसबुक पर दोस्ती कर युवक व उसके साथियों पर युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को बताया कि युवक ने उसे नौकरी लगवाने के अलावा शादी करने का भी झांसा दिया। पुलिस ने युवक व उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
कायमगंज क्षेत्र के एक गांव की युवती का आरोप है कि मैनपुरी जनपद के थाना करहल के नगला धारा बंबा की पुलिया जैन इंटर कालेज के निकट रहने वाले अंकित कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए उसका मोबाइल नंबर प्राप्त किया।
करीब 10 माह पूर्व अंकित ने स्वयं को एक विभाग का अधिकारी बताते हुए उसे नौकरी व शादी का झांसा देकर अपने पास बुलाया। अंकित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर करीब 10 दिन तक उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बना लिया।
पांच माह पूर्व जब युवती को उनकी हरकतों की जानकारी हुई तो विरोध किया। इस पर आरोपी उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोबारा बुलाने लगे। इसके बाद युवती ने कोतवाली व सीओ को कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
युवती को परिवार के साथ अप्रिय घटना होने का डर है। युवती ने आरोपी द्वारा भेजे गए धमकी भरे मैसेज पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने अंकित कुमार व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।