फर्रुखाबाद। कमालगंज क्षेत्र के गांव हुसैनपुर नौखंडा कोटेदार के यहां जांच में खाद्यान्न वितरण में अनियमितता उजागर हुई। जिला पूर्ति अधिकारी ने दुकान निलंबित कर कोटेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवा दी। इस दुकान के कार्डधारकों को नगला खेमरंगाई कोटेदार के यहां संबद्ध कर दिया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि कमालगंज के गांव हुसैनपुर नौखंडा कोटेदार माया देवी के खिलाफ आईजीआरएस पर अनियमितता संबंधी शिकायत मिली थी। पूर्ति निरीक्षक से इसकी जांच कराई गई। कोटेदार माया देवी ने 105.922 क्विंटल गेहूं, 157.038 क्विंटल चावल, 103.79 क्विंटल बाजरा एवं 63 किलो चीनी की कालाबाजारी कर ली थी। यही नहीं 1.50 क्विंटल मक्का स्टॉक में अधिक पाया गया। अनियमितता की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी का अनुमोदन मिलने के बाद कोटेदार माया देवी के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि नौखंडा हुसैनपुर के कार्डधारकों को नगला खेमरंगाई कोटेदार कुंती देवी के यहां संबद्ध किया गया है। कार्डधारक वहां से अपना राशन ले सकते हैं।