विद्युत उपकेंद्र खिमसेपुर में ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग कराते एक्सईएन ग्रामीण सुरेंद्र कुमार(ह
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। खिमसेपुर उपकेंद्र में लगा 10 एमवीए ट्रांसफार्मर गुरुवार को खराब हो गया। इसकी टेस्टिंग दिन भर चलती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। ट्रांसफार्मर की खराबी से 80 गांवों की बिजली गुल हो गई। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई। उपकेंद्र के लिए दूसरा ट्रांसफार्मर स्वीकृत हो गया है, वह लखनऊ से जल्द आएगा।
उपकेंद्र में 10 और पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। 10 एमवीए ट्रांसफार्मर से पांच और पांच एवीए ट्रांसफार्मर से दो फीडरों के जरिए 80 गांवों को घरेलू और निजी नलकूपों के लिए बिजली दी जाती है। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे उपकेंद्र में 33 और 11 केवी लाइन में फाल्ट हो गया।
इसके बाद 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर बंद हो गया। एक्सईएन ग्रामीण सुरेंद्र कुमार, जेई अजय कुमार सिंह और दीपक कुमार ने ट्रांसफार्मर देखने के बाद टेस्टिंग टीम बुलाई। टेस्टिंग टीम ने काफी देर ट्रांसफार्मर को टेस्ट किया, लेकिन ठीक करने में सफलता नहीं हुए। ट्रांसफार्मर को खराब घोषित कर दिया गया।
इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। ट्रांसफार्मर की खराबी से मोहम्मदाबाद क्षेत्र के 80 गांवों की बिजली गुल हो गई। अब दूसरा ट्रांसफार्मर लगने के बाद ही आपूर्ति बहाल होगी। एक्सईएन ग्रामीण सुरेंद्र कुमार ने बताया कि दूसरा ट्रांसफार्मर स्वीकृत हो गया है।
वह लखनऊ से आएगा। ट्रांसमिशन से विद्युत उपकेंद्र को 24 घंटे बिजली देने के लिए पत्र लिखा जाएगा, जिससे उपकेंद्र के एक पांच एमवीए ट्रांसफार्मर से सभी क्षेत्रों को काट-काट कर कुछ-कुछ समय बिजली दी जा सके।