कलक्ट्रेट में परिवार के साथ न्याय मांगने पहुंची महिला। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थानाक्षेत्र के गांव पुठरी निवासी महिला ने कलक्ट्रेट में बच्चों समेत आत्मदाह की धमकी दी। जानकारी पर पुलिस कर्मियों ने महिला व उसके परिजनों को बैठाया और तलाशी ली। महिला का आरोप है कि पति के हत्यारोपी धमकी दे रहे हैं। पुलिस भी उनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है। न्याय न मिला तो वह आत्मदाह करेगी।
गांव पुठरी निवासी पल्लेदार धर्मेंद्र कुमार की 11 मार्च को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। आरोपियों की धमकी से परेशान धर्मेंद्र की पत्नी मिथलेश, अपने बेटे संजय (10), केशव (8), बेटी मुस्कान (6), भाई रामू, ससुर ओमप्रकाश, परिवार की निर्मला, खुशबू आदि के साथ कलक्ट्रेट पहुंची।
मिथलेश ने कहा कि पुलिस आरोपियों से मिली हुई है और उनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है। अब आरोपी समझौता के लिए दबाव बना रहे हैं। बच्चों सहित जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मिथलेश ने कहा कि उसकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। अब वह बच्चों के साथ आत्मदाह कर लेगी। आत्मदाह की जानकारी पर डीएम कार्यालय के बाहर मौजूद पुलिस कर्मियों व महिला आरक्षियों ने सभी को पकड़कर बैठाया और तलाशी ली।
हालांकि उनके पास कोई ज्वलनशील पदार्थ नहीं मिला। मिथलेश ने जिलाधिकारी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी व परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस कर्मियों ने महिला व उसके परिवार को न्याय का भरोसा दिया। इस पर पीड़ित परिवार वापस चला गया।