नवाबगंज। मैनपुरी का युवक बाइक समेत गड्ढे में पड़ा मिला। पुलिस ने युवक को सीएचसी पहुंचाया, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भाई ने सीएचसी में शव की शिनाख्त की। युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
थानाक्षेत्र के गांव कढ़िउली से नगला किंदन जाने वाले मार्ग पर शनिवार सुबह ग्रामीणों ने 30 वर्षीय युवक को बाइक समेत गड्ढे में पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पत्यौरा के प्रधान नीलेश कुमार मौके पर पहुंचे। प्रधान की जानकारी पर पुलिस मौके पर आई और युवक को सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉ. गौरव ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने युवक के मोबाइल की मदद से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। कुछ देर बाद जनपद मैनपुरी के थाना भोगांव के गांव रुई सिनौरा निवासी रिंकल सिंह चौहान सीएचसी पहुंचे। उन्होंने युवक की शिनाख्त भाई राहुल के रूप में की।
रिंकल ने बताया कि राहुल नवाबगंज थानाक्षेत्र के गांव वीरपुर निवासी रिश्तेदार रामपाल सिंह के घर शुक्रवार को आया था। देर रात तक जब वह नहीं पहुंचा तो उसके मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन उठा नहीं।
शनिवार सुबह हादसे की जानकारी हुई। राहुल की पत्नी रूबी दो वर्षीय पुत्र कार्तिक व ससुर अवधेश सिंह के साथ पहुंची और रोने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम में राहुल की मौत सिर में आई गंभीर चोट की वजह से हुई। वह हेलमेट लगाए होता तो शायद जान बच जाती।