पुलिस की गाड़ी में बैठाई जा रहीं पकड़ी गईं महिलाएं। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराने जा रही एक महिला का रोडवेज बस स्टैंड में बस पर चढ़ते वक्त मंगलसूत्र तोड़ लिया गया। उसके साथ मौजूद जेठानी के शोर मचाने पर लोगों ने तीन महिलाओं को शक के आधार पर दबोच लिया। इनके पास से महिला का मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में पुलिस महिलाओं से पूछताछ कर रही है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला नौगवां कैंट निवासी कमलेश की पत्नी रश्मि जेठानी मीरा देवी के साथ बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराने के लिए शुक्रवार को कन्नौज जा रही थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे रोडवेज बस स्टैंड में कन्नौज जाने वाली बस पर दोनों चढ़ रही थीं। उसी दौरान भीड़ में शामिल महिलाओं ने रश्मि का मंगलसूत्र तोड़ लिया। यह देख मीरा ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने शक के आधार पर एक महिला को पकड़ लिया। उसके पास से रश्मि का मंगलसूत्र बरामद करने के बाद भीड़ ने आरोपी की दो महिला साथियों को भी पकड़ लिया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिलाओं को हिरासत में ले लिया। आरोपी महिलाएं खुद को कानपुर नगर के फजलगंज स्थित कबाड़ी मार्केट का रहने वाला बता रही हैं। पुलिस का कहना है कि रश्मि से तहरीर मांगी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
दो महिलाओं के गोद में थे बच्चे
पुलिस ने जिन तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है, उनमें दो के गोद में बच्चे भी थे। आरोपी महिलाएं यह नहीं बता सकीं हैं कि वह यहां क्यों और कहां से आई थीं। माना जा रहा है कि इन महिलाओं का काम यात्रियों के सामान को पार करना है।