फर्रुखाबाद। ट्रेन में हुए अग्निकांड की घटना की उच्च स्तरीय जांच के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) विनय कुमार त्रिपाठी की ओर से बनाई कमेटी बुधवार को बयान दर्ज करेगी। चार अधिकारी सुबह 10 बजे फतेहगढ़ स्थित विभाग के अतिथि गृह में पहुंच जाएंगे।
कासगंज से फर्रुखाबाद आ रही पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में शमसाबाद-फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच 26 दिसंबर की रात आग लग गई थी। जीएम ने दुर्घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी बना दी थी। कमेटी का संयोजक मुख्य चल स्टॉक इंजीनियर/माल एसके भारती को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तीन अन्य सदस्य मुख्य सुरक्षा आयुक्त रफीक अहमद अंसारी, मुख्य विद्युत सामान्य इंजीनियर वीके यादव एवं उप मुख्य संरक्षा अधिकारी/यांत्रिक अभ्युदय शामिल रहेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि अधिकारी 29 दिसंबर को सुबह साढ़े 10 बजे फतेहगढ़ स्थित विभाग के अतिथि गृह पहुंचेंगे। यहां घटना से संबंधित कोई भी व्यक्ति बयान दर्ज करवा सकता है। बताया कि इस घटना की जांच के लिए यही टीम इज्जतनगर रेलवे अधिकारी विश्रामालय में 30 दिसंबर को सुबह साढ़े 10 बजे बयान दर्ज करेगी। कहा कि कोई भी व्यक्ति बयान दर्ज करा सकता है।
फोरेंसिक टीम आगरा रवाना
रेलवे की आगरा से आई फोरेंसिक टीम ने मंगलवार सुबह भी स्टेशन पर खड़ी जली हुई बोगी से नमूने लिए। इसके बाद टीम आगरा के लिए रवाना हो गई। टीम के अधिकारी अपनी रिपोर्ट जीएम कार्यालय को भेजेंगे।