फर्रुखाबाद। जनपद में 6 क्रय केंद्र बढ़ने के बावजूद अभी धान खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ सकी है। इससे 25 दिनों में लक्ष्य के सापेक्ष में 2.57 प्रतिशत ही धान की खरीद की जा सकी है। पीसीएफ के चार व मंडी परिषद के एक केंद्र पर अभी धान की बोहनी तक नहीं की जा सकी है।
जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य 1940 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 18400 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य है। धान खरीद के लिए एक नवंबर से 13 धान क्रय केंद्र खोले गए थे। धान खरीद की रफ्तार धीमी होने से चार दिन पूर्व छह क्रय केंद्र और बढ़ाए गए। इसके बाद भी धान की खरीद नहीं बढ़ पा रही है। पंजीकरण के बाद जब नमूना लेकर किसान क्रय केंद्र पर जांच के लिए पहुंचते हैं तो कभी धान काला तो कभी नमी अधिक होने से नमूना फेल कर दिया जाता है। इसके चलते 25 नवंबर तक कुल 120 किसानों से 472.04 मीट्रिक टन धान खरीदा जा सका है।
किस केंद्र पर कितनी हुई धान की खरीद
विपणन शाखा के आठ केंद्रों में सातनपुर मंडी में 25.12 टन, कमालगंज मंडी में 8.64, मोहम्मदाबाद मंडी में 171.16, कायमगंज मंडी प्रथम में 11.48, कायमगंज मंडी द्वितीय में 4.00, शमसाबाद उपमंडी में 27.80, नवाबगंज में 3.52 व राजेपुर में हमीरपुर सोमवंशी स्थित क्रय केंद्र पर 32.76 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई। सातनपुर मंडी स्थित एफसीआई के क्रय केंद्र में 25 दिन में मात्र 24 क्विंटल धान की खरीद की गई। पीसीएफ के पहले से बने पांच क्रय केंद्रों में से डीसीएफ सरैया में 109.80 टन व सहकारी क्रय विक्रय समिति कमालगंज केंद्र पर 70.56 टन धान खरीदा गया। जबकि साधन सहकारी समिति रुदायन में मात्र 1.20 टन, चिलसरा में 1.60 व डीसीएफ बसायकपुर में दो टन ही धान की खरीद की गई।
इन केंद्रों पर नहीं हुई धान खरीद
पीसीएफ के चार क्रय केंद्रों में आलू संघ सातनपुर, साधन सहकारी समिति नीबकरोरी, कनासी व सलेमपुर, जबकि मंडी परिषद के मोहम्मदाबाद मंडी स्थित क्रय केंद्र पर चार दिन में धान की बोहनी भी नहीं हुई। पीसीएफ के प्रभारी जिला प्रबंधक ने बताया कि नए क्रय केंद्रों की अभी टैगिंग न होने से धान की खरीद शुरू नहीं हो सकी है।
पल्लेदार न होने से दोपहर को हो सकी तौल
अमृतपुर संवाद के अनुसार तहसील क्षेत्र में दो धान क्रय केंद्र गांव बसायकपुर व हमीरपुर सोमवंशी में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। बसायकपुर में खरीद न होने पर केंद्र सलमेपुर में बनाया गया है। सलमेपुर केंद्र पर धान की तौल अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। हमीरपुर सोमवंशी स्तिथ क्रय क्रय केंद्र पर लेबर की व्यवस्था न होने से गांव खाखिन निवासी कुलदीप तिवारी के धान की गुरुवार को तौल नहीं हो सकी। शुक्रवार दोपहर दो बजे के बाद क्षेत्रीय विपणन अधिकारी सरिता शुक्ला ने पल्लेदारों की व्यवस्था कर एक ट्राली धान की तौल कराई। गांव जैनापुर निवासी रामनारायण चौहान केंद्र पर ट्रैक्टर-ट्राली से धान लेकर पहुंचे तो धान खराब होने से वापस कर दिया है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी ने बताया कि लेबर व पल्लेदारों की व्यवस्था के लिए ठेकेदार को पत्र लिखा गया है।
तौल बंद होने से धान क्रय केंद्र पर किसानों ने काटा हंगामा
शमसाबाद संवाद के अनुसार कस्बा मंडी में स्थित क्रय केंद्र पर शुक्रवार को धान की तौल बंद होने से किसानों ने पक्षपात का आरोप लगाकर जमकर हंगामा काटा। सूचना पर भाकियू जिलाध्यक्ष रामबहादुर किसान नेताओं के साथ क्रय केंद्र पहुंचे और केंद्र प्रभारी मृदुला यादव से बात की। केंद्र प्रभारी ने बताया कि तौल बंद नहीं है। बिजली की समस्या है। बिजली आने पर तौल चालू करा दी जाएगी। इस पर किसान नेताओं ने जनरेटर लगाने की मांग की। केंद्र प्रभारी ने बताया जेनरेटर का भुगतान नहीं हो पाएगा। बिजली से ही धान साफ करने के लिए मशीन चालू की जाएगी। समझाने पर किसी तरह किसान शांत हुए। इस दौरान नन्हें लाल राजपूत, सलमान अहमद, रघुवीर सिंह, नरवीर सिंह, सुभाष चंद्र, विपिन आदि मौजूद रहे।