फर्रुखाबाद। जनपद में कोरोना से स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 194 लोगों की जान जा चुकी है। अब सरकार इन मृतकों के आश्रितों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देगी। इसके लिए जिले को शासन से 97 लाख रुपये मिल गए हैं।
कोरोना संक्रमण के चलते मार्च 2020 में पूरे देश में लॉकडाउन हो गया। इसके तीन माह बाद धीरे-धीरे लॉकडाउन की सख्ती घटी और संक्रमण बढ़ने लगा। कोरोना की पहली लहर जिले के लिए बहुत खतरनाक साबित नहीं हुई, लेकिन पंचायत चुनाव के बीच अप्रैल 2021 में आई दूसरी लहर में चीखें सुनाई देती रहीं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड के अनुसार जिले में 194 लोगों की कोरोना से जान गई। अब सरकार कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये सहायता धनराशि दे रही है।
एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति ने बताया कि कोरोना से मृत 194 लोगों के परिजनों को वितरण के लिए शासन से 97 लाख रुपये मिले हैं। आश्रितों की सूची तैयार कर ली गई है। शुक्रवार को आश्रितों के बैंक खातों में 50-50 हजार रुपये भेजना शुरू कर दिया जाएगा।