एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन की नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। जिला एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी का रविवार को गठन हुआ। इसमें शिवम गुप्ता को जिलाध्यक्ष और संजीव कटियार को जिला सचिव चुना गया। संगठन के प्रदेश महासचिव अनिल मिश्रा ने चयनित पदाधिकारियों को बॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर जिले में बॉक्सिंग प्रतियोगिता कराने की सलाह दी।
मसेनी स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन की नवीन कार्यकारिणी का गठन पर्यवेक्षक संजय गुप्ता और हसन रजा जैदी की मौजूदगी में हुआ। इसमें शिवम गुप्ता को अध्यक्ष, संजीव कटियार को जिला सचिव, हर्षवर्धन कटियार को कोषाध्यक्ष, व कामिनी कौशल को संरक्षक चुना गया।
प्रदेश महासचिव अनिल मिश्रा ने कहा कि गतवर्ष जिले की बॉक्सिंग खिलाड़ी निशा परिहार, शिवांगी और देवप्रताप सिंह ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया और पदक प्राप्त किया। जिला कार्यकारिणी को इन खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए। जिलाधिकारी की अनुमति से जिला खेल प्रोत्साहन समिति द्वारा जिले के पूर्व सीनियर राष्ट्रीय खिलाड़ियों को कोच नियुक्त किया जाना चाहिए, जैसा कि प्रदेश के अन्य जिलों में हुआ है। इस दौरान प्रदीप त्रिपाठी, अजीत यादव, आशीष कटियार, जौहरीलाल राजपूत, सचिन सिंह, सचिंदर सिंह, प्रिंस विशाल दीक्षित, प्रबल पाठक आदि लोग मौजूद रहे।